संसद सभापति ने अपने कुवैती समकक्ष को एक संदेश भेज कर इस देश में हुए आतंकी हमले की निंदा की है।
डाक्टर अली लारीजानी ने रविवार को मरज़ूक़ अली अलग़ानिम के नाम एक संदेश भेज कर इमाम जाफ़र सादिक़ मस्जिद में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि इस नृशंस हमले ने सभी क्षेत्रीय राष्ट्रों के सामने तकफ़ीरी आतंकवाद के ख़तरे को स्पष्ट कर दिया है और इस ख़तरे से मुक़ाबले के लिए क्षेत्र व विश्व स्तर पर सार्वजनिक सहयोग की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। संसद सभापति ने अपने संदेश में इस आतंकी घटना में हताहत होने वालों के परिजनों, कुवैत की जनता और सरकार से संवेदना जताई है।
डाक्टर लारीजानी ने इसी प्रकार बल देकर कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान आतंकी गुटों की कार्यवाहियों के मुक़ाबले में कुवैती सरकार व राष्ट्र का भरपूर समर्थन करता है और वह इस संबंध में हर प्रकार के सहयोग के लिए पूरी तरह से तैयार है।
ज्ञात रहे कि कुवैत की इमाम जाफ़र सादिक़ मस्जिद में एक आत्मघाती आतंकी ने जुमे की नमाज़ के दौरान स्वयं को विस्फोटित कर दिया था जिसके परिणाम स्वरूप 27 नमाज़ी हताहत और 200 से अधिक घायल हो गए थे।